कुशीनगर में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत: बेटा और महिला की हालत गंभीर, मौके से बाइक सवार फरार

कुशीनगर|24 अगस्त 2026
बेटा और महिला की हालत गंभीर, मौके से बाइक सवार फरार

तमकुहीराज क्षेत्र में एनएच-727बी पर सोमवार को बीआरसी के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में नरेंद्र यादव की मौत हो गई। हादसे में उनके बेटे पंकज यादव और दूसरी बाइक पर सवार माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी तमकुहीराज में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

लक्ष्मीपुर बाबू निवासी नरेंद्र यादव अपने बेटे पंकज के साथ बाइक से जा रहे थे। बीआरसी के सामने पहुंचने पर उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दूसरी बाइक पर मंझरिया, थाना विजयीपुर, गोपालगंज (बिहार) निवासी माया देवी पत्नी जमादार सवार थीं। हादसे में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक चला रहा रामप्रवेश सिंह पुत्र बाबूलाल सिंह घायल माया देवी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाए गए घायल

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया। डॉक्टरों ने नरेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं पंकज यादव और माया देवी की हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने घायल माया देवी को भी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।

फरार बाइक चालक की तलाश शुरू

घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल दूसरी बाइक के चालक रामप्रवेश सिंह के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अस्पताल पहुंचे सपा नेता

नरेंद्र यादव समाजवादी पार्टी के सक्रिय सदस्य बताए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही सपा नेता डॉ. उदय नारायण गुप्ता और मधुरश्याम राय सीएचसी तमकुहीराज पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में सहयोग किया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और सपा कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार में हादसे के बाद से मातम पसरा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।