कुशीनगर में पचास हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: पिस्टल छीनकर फरार हुआ था, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

कुशीनगर के तरयासुजान पुलिस की कस्टडी से 50 हजार का इनामी बदमाश रविवार को देर शाम भाग गया। यह घटना उस समय हुआ जब बदमाश को पेट दर्द की शिकायत पर पुलिसकर्मी इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। बाइक पर बीच में बैठे बदमाश ने पीछे बैठे दरोगा की पिस्टल निकालकर पुलिसकर्मियों पर तान दिया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज उचकागांव के रहने वाले आशु यादव के रुप में हुई। वह करीब 11 दिन पहले पुलिस कर्मियों को ट्रक से कुचलने के मामले में वांछित था।
पेट दर्द का बनाया बहाना
आरोपी आशु यादव ने पुलिस हिरासत के दौरान पेट दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद एक दरोगा और सिपाही उसे मोटरसाइकिल से इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में आशु ने दरोगा की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिसकर्मियों पर तानकर फरार हो गया।
सरकारी पिस्टल बरामद
घटना के तत्काल बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरु कर दी। इसी दौरान झड़वा अंडरपास के पास पुलिस, स्वाट टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। आरोपी ने दराेगा से छीनी पिस्टल से फायरिंग शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश आशु घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल भी बरामद कर ली।










