लखनऊ में दोस्त ने की दोस्त की हत्या: पेट में घोंपा रॉड, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ|09 अगस्त 2026
पेट में घोंपा रॉड, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में एक युवक के पेट में रॉड घुसाकर हत्या कर दी गई। युवक के दोस्त ने अपनी मां की पायल बेची थी। जब यह बात उसे पता चली तो उससे कहा कि मैं तुम्हारे घर में बता दूंगा। इसी बात पर उसके दोस्त ने कहा कि जब जिंदा रहेगा तब घर में बताएगा न। इसके बाद उसने अपने पिता के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक के पेट में रॉड घुस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र के तहत फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी में शनिवार रात को 22 वर्षीय युवक शुभम सोनी की लोहे की रॉड घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित वर्मा और उसके पिता म​थुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच और पारिवारिक दावों के अनुसार, आरोपी दोस्त ने अपनी ही मां की चांदी की पायल चोरी छुपे बेच दी थी। शुभम सोनी को इस बात की जानकारी हो गई थी और उसने दोस्त से कहा था कि वह यह बात उसके घर जाकर बता देगा।

घर के बाहर पड़ा मिला शव

घटना मड़ियांव के मामा कॉलोनी फैजुल्लागंज की है। मृतक युवक शुभम सोनी प्रेम कुमार सोनी का बेटा था। मां मालती सोनी ने आरोप लगाया है कि शुभम को उसके दोस्त सुमित और उसके पिता मथुरा घर से शनिवार शाम 7 बजे बुलाकर ले गए थे। पहले शराब पिलाई फिर मारपीट कर हत्या कर दी। बेटे का शव रविवार सुबह घर के बाहर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हत्यारोपी बाप-बेटे पर नामजद मुकदमा दर्ज

मामले में पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई शिवम की शिकायत पर सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शुभम ने ही बेचवाई थी पायल

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सुमित ने एक पायल बेची थी। उस पायल को शुभम ने ही बेचवाई थी। शुभम को कुछ दिन में पता चला कि सुमित ने अपनी मां की पायल बेची है। इस पर कहा कि तुम्हारी मां से बता दूंगा। तुमने मेरे जरिये उनकी पायल क्यों बेचवाई। इस बात से सुमित उससे गुस्सा हो गया। एक दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ। शनिवार शाम घूमने के बहाने घर से बुला ले गया। रात करीब 10 बजे सुमित ने पिता मथुरा के साथ मिलकर शुभम की हत्या कर दी।

CCTV में दिखा हमले का फुटेज

घटना से जुड़ी एक CCTV फुटेज भी सामने आई है। इसमें काली शर्ट में शुभम सोनी दिखाई पड़ रहा है। वह एक गली से बाहर की तरफ जाता है। इसके बाद दौड़ते हुए अंदर आता है और दो युवक उस पर हमला कर देते हैं। इस दौरान दूसरी तरफ से भी कुछ लोग भागते हुए आते हैं और शुभम के पेट में रॉड घुसेड़ देते हैं। इसके बाद सब एक-दूसरे को पकड़कर वापस निकलते दिखाई दे रहे हैं। शुभम लड़खड़ाते हुए किसी तरह आगे बढ़ता है। चल नहीं पाता तो दीवार की टेक लेकर खड़ा हो जाता है। लहूलुहान हालत में शुभम बहुत देर तक खड़ा नहीं रह पाता और जमीन पर मुंह के बल गिर जाता है।

फोरव्हीलर चलाकर कमाता था सुभम

मां मालती सोनी ने बताया- मेरे स्वस्थ बेटे को घर से बुलाकर ले गए थे। शाम को लेकर गए और कुछ दूर में हत्या कर दी। बेटे को ईंट-पत्थर से मारा। उसके पेट में लोहे की रॉड घुसेड़ दी। बेटा चारपहिया वाहन चलाकर कमाता था। इन दोस्तों के बीच में न जाने कौन सी लड़ाई हुई कि उसे मारकर हमारे दरवाजे पर बॉडी फेंककर चले गए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।