लखनऊ में सीएम ने बच्चियों से बंधवाई राखी: बच्चों को पढ़ने-लिखने की दी नसीहत, सेल्फी लेकर बढ़ाया उत्साह

लखनऊ स्थित पांच कालीदास मार्ग के सरकारी आवास पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया। उन्होंने निराश्रित बच्चियों और छात्राओं से राखी बंधवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चियों को उपहार भी दिए। बच्चियों से राखी बंधवाते समय मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने सभी बच्चियों को खूब पढ़ने-लिखने की नसीहत दी। राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने बच्चियों को लिफाफे में उपहार और गिफ्ट देकर विदा किया।
बच्चियों के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। योगी आदित्यनाथ ने बच्चियों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी लेकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। इससे पहले भी लखनऊ दौरे पर आए जापानी बच्चों के साथ मुख्यमंत्री की सेल्फी चर्चा में रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं बल्कि कर्तव्य और संरक्षण की भावना का भी पर्व है।
बोले- स्नेह, विश्वास और संस्कार का पर्व है रक्षाबंधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह, विश्वास और संस्कार का पर्व है। भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक इस पर्व पर उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव नहीं बल्कि कर्तव्य और संरक्षण की भावना का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र पर्व पर सभी को सनातन विरासत को मजबूत करने के साथ पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।











