यूपी में हुआ 15 सीनियर आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर: आईपीएस तरुण गाबा बने लखनऊ के नये पुलिस कमिश्नर, गोरखपुर और वाराणसी जोन में नियुक्त हुए नये एडीजी

उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत आईपीएस तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। प्रयागराज कमिश्नरेट और गृह विभाग में भी बड़े बदलाव हुए हैं। गोरखपुर और वाराणसी जोन में नए एडीजी की तैनाती की गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बार तबादलों का फोकस उन पदों पर रहा है, जो प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था के लिहाज से सबसे अहम हैं। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट, गोरखपुर और वाराणसी जोन, प्रयागराज कमिश्नरेट, गृह विभाग, अभिसूचना, अग्निशमन, तकनीकी सेवाएं और भ्रष्टाचार निवारण संगठन जैसे अहम विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
लखनऊ को मिला नया पुलिस कमिश्नर
तबादला सूची का सबसे बड़ा फैसला राजधानी लखनऊ से जुड़ा है। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र के.सेंगर को पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उनकी जगह अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा के पद पर तैनात तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रदेश की राजधानी होने के कारण यह नियुक्ति सबसे अहम मानी जा रही है।
गोरखपुर और वाराणसी जोन में बने नये एडीजी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र होने के कारण गोरखपुर जोन हमेशा संवेदनशील माना जाता है। यहां एडीजी मुथा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय भेजा गया है। उनकी जगह एडीजी लॉजिस्टिक्स राम कुमार को गोरखपुर जोन की कमान सौंपी गई है। इसी तरह वाराणसी जोन में भी बड़ा बदलाव हुआ है। एडीजी पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि तकनीकी सेवाओं के एडीजी नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।
प्रयागराज कमिश्नरेट में नया नेतृत्व
महाकुंभ के बाद प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट को भी नया नेतृत्व मिला है। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार को पुलिस महानिरीक्षक पीटीएस मुरादाबाद भेजा गया है, जबकि उनकी जगह पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज प्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और प्रशासनिक शहरों में शामिल है, इसलिए यह बदलाव भी काफी अहम माना जा रहा है।
अभिसूचना, गृह विभाग और तकनीकी सेवाओं में बदलाव
प्रदेश की खुफिया व्यवस्था की जिम्मेदारी अब अमरेंद्र के. सेंगर के हाथ में होगी। उन्हें पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) बनाया गया है. वहीं भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को इंटेलिजेंस से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं बनाया गया है। गृह विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। सचिव गृह मोहित गुप्ता को पुलिस महानिरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन भेजा गया है, जबकि भ्रष्टाचार निवारण संगठन में तैनात आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को उत्तर प्रदेश शासन में सचिव गृह की जिम्मेदारी दी गई है। यह पद शासन और पुलिस के बीच समन्वय के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
पुलिस मुख्यालय और विशेष इकाइयों में भी फेरबदल
अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस मुख्यालय डॉ. संजीव गुप्ता को मौजूदा जिम्मेदारी के साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को विशेष जांच शाखा का आईजी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध पुलिस अधीक्षक अन्नु कुमार सिंह को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि आनंद कुमार को लोक शिकायत प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। होमगार्ड्स में तैनात आईजी धर्मवीर को पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज भेजा गया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









