यूपी पुलिस में एक लाख भर्तियों का ऐलान: सीएम योगी बोले- अब बिना सिफारिश मिलेगी नौकरी, 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर

लखनऊ|28 अप्रैल 2026
सीएम योगी बोले- अब बिना सिफारिश मिलेगी नौकरी, 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर

उत्तर प्रदेश में रोजगार और कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। सीएम आदित्ययोगीनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में कहा कि इस साल यूपी पुलिस में एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। इसमें सिपाही, दरोगा और होमगार्ड के पद शामिल होंगे। इस मौके पर सीएम ने 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर भी वितरित किए। उन्होंने सभी नवचयनित कर्मियों के साथ फोटो भी खिंचवाई और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि पिछले 9 सालों में 2.20 लाख से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती पारदर्शी तरीके से की गई है। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में साफ कहा कि अब नौकरी के लिए किसी सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट और नियमों के आधार पर हो रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में 60 हजार से ज्यादा सिपाहियों का पासिंग आउट परेड एक साथ 112 केंद्रों पर हुआ। यह दिखाता है कि सिस्टम अब मजबूत और पारदर्शी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जो युवा मेहनत करेगा, उसे मौका जरूर मिलेगा।

ट्रेनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव

सीएम ने बताया कि पहले पुलिस ट्रेनिंग की क्षमता बहुत सीमित थी। एक बार में सिर्फ तीन हजार जवानों को ट्रेनिंग दी जा सकती थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि साल 2025 में 60,244 सिपाहियों को एक साथ ट्रेनिंग दी गई। यह यूपी के भीतर ही संभव हुआ। इससे साफ है कि ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी मजबूत किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले कई जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थी। थानों के पास अपने भवन नहीं थे। लेकिन अब हाईराइज बैरक, मॉडल थाने और नए फायर स्टेशन बनाए जा रहे हैं।

नई यूनिट और टेक्नोलॉजी पर फोकस

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में कई नई यूनिट बनाई गई हैं। इसमें एसएसएफ और एसडीआरएफ शामिल हैं। इसके अलावा तीन नई महिला पुलिस बटालियन भी गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल बढ़ाया गया है। हर जिले में मोबाइल फॉरेंसिक लैब काम कर रही हैं। स्टेट फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट उत्तर प्रदेश भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इससे अपराध जांच में तेजी आई है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आसान हुई है।

‘कानून का राज ही विकास की गारंटी’

सीएम ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था ही विकास की पहली शर्त होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के कारण ही निवेश बढ़ रहा है। देश और दुनिया के बड़े निवेशक यूपी में आ रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस बल को इस विकास का अहम हिस्सा बताया।

फिटनेस और अनुशासन पर दिया जोर

सीएम योगी ने पुलिस कर्मियों को फिट रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना बहुत जरूरी है। तभी वे समाज की बेहतर सेवा कर पाएंगे। उन्होंने कम्युनिकेशन सिस्टम को भी अहम बताया। कहा कि बेहतर संचार से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ती है और कार्रवाई अधिक प्रभावी होती है।

पहले होती थी गड़बड़ी

सीएम ने कहा कि नौ साल पहले भर्ती प्रक्रिया में कई समस्याएं थीं। लेन-देन होता था। भेदभाव होता था। लेकिन अब सिस्टम बदल गया है। उन्होंने कहा कि अब केवल योग्यता के आधार पर चयन हो रहा है। इससे युवाओं में भरोसा बढ़ा है। उन्होंने नए चयनित अभ्यर्थियों से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की अपील की।

वित्त मंत्री ने भी दिया संदेश

कार्यक्रम में सुरेश खन्ना ने भी संबोधित किया। उन्होंने एक कविता के जरिए कर्म और जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का मौका है। ईमानदारी से काम करने पर समाज और परिवार दोनों गर्व महसूस करेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।