महराजगंज में हादसे में घायल महिला की मौत: FIR नहीं होने पर सड़क जाम की दी चेतावनी, तेज रफ्तार बाइक ने मारी थी टक्कर

महाराजगंज|21 घंटे पहले
FIR नहीं होने पर सड़क जाम की दी चेतावनी, तेज रफ्तार बाइक ने मारी थी टक्कर

चिउरहा मोहल्ले में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला गुलइचा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के एक सप्ताह बाद भी पुलिस की ओर से केस दर्ज नहीं किए जाने पर परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। परिवार का आरोप है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज और बाइक का नंबर सामने होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई को टाल रही है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जल्द केस दर्ज नहीं हुआ तो अस्पताल से शव मिलने के बाद सड़क पर शव रखकर चक्का जाम किया जाएगा।

घटना 11 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:55 बजे चिउरहा मोहल्ले में सड़क के दक्षिणी किनारे हुई थी। महराजगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल संख्या ने सड़क किनारे पैदल चल रही गुलइचा देवी को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। टक्कर के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों के मुताबिक हादसे की पूरी घटना मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दुर्घटना के साथ बाइक का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मृतका के पोते अभिषेक गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद परिवार महिला के इलाज और उनकी देखभाल में लगा हुआ था। इसी वजह से उन्होंने 14 अगस्त को पुलिस को लिखित सूचना दी। इलाज के दौरान महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उनकी मौत हो गई।

परिजनों में बढ़ा आक्रोश

गुलइचा देवी की मृत्यु के बाद भी केस दर्ज नहीं होने से परिवार में आक्रोश बढ़ गया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस को घटना की जानकारी देने के साथ सीसीटीवी फुटेज और वाहन की पहचान से जुड़े तथ्य भी उपलब्ध हैं, इसके बावजूद केस दर्ज नहीं किया गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी बाइक चालक के खिलाफ जल्द केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो अस्पताल से शव मिलने के बाद उसे सड़क पर रखकर चक्का जाम किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।