कौशांबी में हाईवे पर पलटा बकरियों से भरा ट्रक: 20 की मौत; चार घायल, मदद की जगह लूट में जुटे लोग

कौशांबी जिले में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाला दृश्य देखने को मिला। कोखराज थाना क्षेत्र के अंदावा टेढ़ी मोड़ के पास बकरियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार चार लोग घायल हो गए। वहीं 20 से अधिक बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जहां घायलों को तत्काल मदद की जरूरत थी, वहीं मौके पर मौजूद कुछ लोग ट्रक से बकरियां निकालकर ले जाने में जुट गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक में करीब 200 से अधिक बकरियां लदी थीं। वाहन कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था और बकरियों को एक व्यापारी के यहां पहुंचाया जाना था। रविवार दोपहर लगभग 2:30 बजे ट्रक जब अंदावा टेढ़ी मोड़ के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक अचानक हाईवे पर पलट गया, जिससे उसमें लदी बकरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक, ट्रक पलटते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। शुरुआती कुछ मिनटों तक लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद बड़ी संख्या में लोग ट्रक से जिंदा बची बकरियों को पकड़कर ले जाने लगे। कई लोग बाइक और ई-रिक्शा से बकरियां ले जाते दिखाई दिए।
वायरल वीडियो ने उठाए सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की संवेदनहीनता को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दुर्घटना के बाद घायल सड़क पर पड़े हैं और दूसरी तरफ कुछ लोग बकरियों को पकड़ने और ले जाने में व्यस्त हैं। यह दृश्य मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद कुछ लोगों ने मदद जरूर की, लेकिन अधिकांश लोग बकरियां कब्जे में लेने की होड़ में लग गए। कई बकरियां हाईवे पर इधर-उधर भागती रहीं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर कोखराज थाना पुलिस और शहजादपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। घायल ट्रक चालक और अन्य तीन लोगों का उपचार कराया जा रहा है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हाईवे पर यातायात सामान्य कराने के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसों के दौरान मानवता दिखाएं और घायलों की मदद को प्राथमिकता दें। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के समय राहत कार्य में सहयोग करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी पुलिस ने संज्ञान में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।











