फर्रुखाबाद में रॉन्ग साइड ओवरलोड ऑटो की डीसीएम से टक्कर: दंपती समेत तीन की दर्दनाक मौत, आठ लोग गंभीर घायल

उत्तरप्रदेश|27 अप्रैल 2026
दंपती समेत तीन की दर्दनाक मौत, आठ लोग गंभीर घायल

फर्रुखाबाद में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इटावा-बरेली हाईवे पर जमापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक और सवारियों से भरे ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक दंपती और 16 माह का मासूम बच्चा शामिल है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और राहत-बचाव का काम शुरू किया। हादसे में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक ने लापरवाही दिखाते हुए वाहन को गलत दिशा में मोड़ दिया। ऑटो पहले से ही क्षमता से तीन गुना अधिक सवारियों से भरा हुआ था। जैसे ही ऑटो जमापुर मोड़ पार कर समृद्धि कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचा, सामने से आ रहे डीसीएम ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। कई यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे का शिकार हुआ परिवार कमालगंज क्षेत्र के हव्वापुर गांव का रहने वाला था। रामकरन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शाहजहांपुर जा रहे थे। ऑटो में कुल 10 से ज्यादा लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में सतेंद्र कुमार, उनकी पत्नी तनू और 16 माह का मासूम युवराज की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर और डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं- पुष्पा देवी और नन्हीं की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। कई घायलों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन और लोडर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।