मुरादाबाद में तेंदुए का कहर: दिव्यांग को घर से खींचकर मारा, 12 दिन में तीसरी मौत से ग्रामीण आक्रोशित

ठाकुरद्वारा के बलिया गांव में झोपड़ीनुमा घर में सो रहे दिव्यांग जगराज पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ उसे घर से खींचकर बाहर ले गया और मार डाला। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में दहशत फैल गई। तेंदुए के हमले से 12 दिन में तीसरी मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के खिलाफ भी फूट पड़ा है।
जगराज का घर गांव की आबादी से बाहर था। झोपड़ीनुमा घर में दरवाजा तक नहीं लगा था। ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में तेंदुए की लगातार मौजूदगी के कारण परिवार पहले से ही आशंकित रहता था। इसके बावजूद आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव में परिवार इसी असुरक्षित घर में रहने को मजबूर था। रात में तेंदुआ झोपड़ी के भीतर पहुंचा और जगराज को खींचकर बाहर ले गया।
क्षत-विक्षत शव देखकर दहशत में ग्रामीण
हमले में जगराज का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। तेंदुए ने उसकी पीठ का लगभग पूरा मांस खा लिया। शनिवार सुबह शव मिलने के बाद ग्रामीणों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। महिलाओं और बच्चों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार हमलों के कारण लोग शाम होते ही घरों में कैद हो जाते हैं और रात में खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
तेंदुए को पकड़ने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि तेंदुए को पकड़ने का अभियान चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद हमले थम नहीं रहे हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने के साथ गांव के बाहर बने असुरक्षित घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। डीएफओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर भेजी गई हैं। तेंदुए की गतिविधियों को ट्रैक करने के साथ उसे पकड़ने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।











