बस्ती में सांप ने दो सगे भाइयों को डसा: एक की मौत,दूसरे की हालत गंभीर

बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में रविवार रात दो सगे भाइयों को सोते समय सांप ने काट लिया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया,वहां डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने 18 वर्षीय सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि 21 वर्षीय अमरजीत का इलाज चल रहा है।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में रविवार देर रात सोते समय दो सगे भाइयों को सांप ने काट लिया। सांप के काटने से 18 वर्षीय सचिन की मौत हो गई, जबकि उसके बड़े भाई अमरजीत 21 वर्ष की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
एक ही कमरे में सो रहे थे दोनों
यह दुखद घटना रविवार रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच घटित हुई। जानकारी के अनुसार दोनों सगे भाई घर के एक ही कमरे में सो रहे थे, तभी एक जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। परिजन दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत के कारण गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने छोटे भाई सचिन को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई अमरजीत का इलाज अभी भी मेडिकल कॉलेज में चल रहा हैं।
सर्पदंश से ग्रामीणों में दहशत
एक ही परिवार के दो भाइयों को सर्पदंश और एक की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।










