बस्ती में युवक की मौत: चारपाई की पाटिया से किया था वार, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

लालगंज थाना क्षेत्र के महसो पूरब टोला में विवाद के बाद घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान मनीष के सिर पर चारपाई की पाटिया से हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया।
मनीष के परिजनों ने रोशन पांडे, अमरीश पांडे और छोटू पांडे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाद के दौरान इन्हीं लोगों ने मनीष के सिर पर चारपाई की पाटिया से वार किया था। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाना पड़ा। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मनीष की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस विवाद की वजह, हमले की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।










