बस्ती में तेज रफ्तार डंपर ने अधेड़ को रौंदा: हादसे के बाद चालक फरार, सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही पुलिस

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। हादसा टिनीच-कप्तानगंज मार्ग पर हुआ। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी।
सुंदर पटवा गौर थाना क्षेत्र के सांडी कल्प गांव के निवासी थे।वह टिनीच-कप्तानगंज मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान कप्तानगंज की ओर से आ रहे डंपर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर गौर थानाध्यक्ष अतुल कुमार अनजान पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद कप्तानगंज पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
परिवार में मचा कोहराम
कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर और चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।










