बस्ती में इलाज के दौरान मासूम की मौत: आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

बस्ती के दक्षिण दरवाजा स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना और दक्षिण दरवाजा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
सल्टौआ कस्बे के रहने वाले परिवार के दो वर्षीय बच्चे की तबीयत खराब थी। परिजन उसे इलाज के लिए दक्षिण दरवाजा स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने चिकित्सक और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
पुलिस ने परिजनों को कराया शांत
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि बच्चे की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










