बस्ती में जमीन विवाद में युवक की मौत: झगड़े के दौरान बिगड़ी तबीयत, बेटे ने पट्टीदारों पर लगाया आरोप

बस्ती|25 अगस्त 2026
झगड़े के दौरान बिगड़ी तबीयत, बेटे ने पट्टीदारों पर लगाया आरोप

छावनी थाना क्षेत्र के गोड़सरा तिवारी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद के बाद फूलचंद्र यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के बेटे ने पट्टीदारों पर मारपीट और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि फूलचंद्र पहले से बीमार थे और झगड़े के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई। पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

फूलचंद्र यादव पुत्र वंशराज परिवार से अलग रहते थे। उनके परिवार में पत्नी मीना देवी, बेटे आयुष और पीयूष और बेटी अंशु हैं। मृतक के छोटे बेटे पीयूष के मुताबिक, पट्टीदार जमीन पर कूड़ा लगा रहे थे। उनके पिता ने इसका विरोध किया और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पीयूष का आरोप है कि पट्टीदारों ने फूलचंद्र के साथ मारपीट की और उनका गला दबाने के साथ सीने पर भी वार किया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ परिजनों से भी पूछताछ की गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीमारी से बिगड़ी थी तबीयत

सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि फूलचंद्र पहले से बीमार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।