बस्ती में किशोरी और युवक की मौत: जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, दोनों के बीच प्रेम संबंध की चर्चा

हर्रैया थाना क्षेत्र में करीब एक घंटे के अंतराल में किशोरी और युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पहले किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ी। परिजन उसे उपचार के लिए निजी केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके करीब एक घंटे बाद युवक की भी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए सर्रैया ले जाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। दोनों परिवारों के घरों के बीच करीब 75 मीटर की दूरी बताई जा रही है। ग्रामीणों में दोनों के बीच प्रेम संबंध की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
परिजनों के अनुसार, किशोरी की तबीयत खराब थी। उसे उल्टी और बुखार की शिकायत बताई गई। किशोरी की हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे हर्रैया स्थित एक निजी उपचार केंद्र ले गए। वहां स्थिति गंभीर होने पर उसे कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। किशोरी चार भाई-बहनों में थी और उसके तीन छोटे भाई हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक के पिता के अनुसार, उन्हें पहले दोनों के बीच किसी संबंध की जानकारी नहीं थी। बाद में उन्हें पता चला कि किशोरी गर्भवती थी और गर्भावस्था करीब सात महीने की बताई जा रही थी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी और परिवार उसका इलाज करा रहा था। किशोरी के बाबा ने भी बताया कि सुबह से उसे उल्टी और बुखार की शिकायत थी और दवा कराने के लिए ले जाने की बात कही गई थी।
किशोरी की मौत के बाद युवक की हालत बिगड़ी
किशोरी की मौत के करीब एक घंटे बाद युवक की भी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों के मुताबिक, उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे तत्काल सर्रैया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। युवक अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई और एक बहन हैं। दोनों घटनाओं के बीच कम समय का अंतर और दोनों घरों की करीब 75 मीटर की दूरी होने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीण दोनों घटनाओं को कथित प्रेम संबंध से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने प्रेम प्रसंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। युवक की उम्र को लेकर भी ग्रामीणों में अलग-अलग बातें सामने आई हैं, जिसकी पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे दोनों शव
दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई। हर्रैया पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों परिवारों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव से पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बच्चों ने कोई नशीला पदार्थ खा लिया है, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने निधि को मृत घोषित कर दिया, जबकि रजनीश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सीओ ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस प्रेम संबंध समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल जहरीला पदार्थ सेवन करने की बात परिजनों की ओर से कही गई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध था या नहीं।










