प्रयागराज में योगी का बड़ा संदेश: ‘उदारता को कमजोरी समझने की भूल न करे कोई’, जीरो टॉलरेंस से बदली यूपी की तस्वीर

नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा, निवेश, डिफेंस और विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू करने के बाद राज्य की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। पहले जहां उत्तर प्रदेश अपराध और माफिया के लिए जाना जाता था, वहीं अब देश-दुनिया के बड़े निवेशक यहां निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं।
सीएम योगी ने साफ कहा कि भारत अपनी सैन्य और आंतरिक शक्ति इसलिए नहीं बढ़ा रहा कि किसी पर हमला करना है। बल्कि इसलिए कि कोई भी देश या ताकत भारत की उदारता को उसकी मजबूरी समझने की गलती न करे। उन्होंने कहा कि समृद्धि केवल संसाधनों से नहीं आती। सुरक्षा, स्थिरता और मजबूत कानून व्यवस्था उसके लिए उतनी ही जरूरी है।
‘2017 में यूपी पहचान के संकट से गुजर रहा था’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार ने 2017 में सत्ता संभाली थी, तब उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। कानून व्यवस्था खराब थी। निवेशक आने से डरते थे। अपराध और माफिया का प्रभाव व्यवस्था पर साफ दिखाई देता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही तय कर लिया था कि अगर सुशासन लाना है तो सबसे पहले सुरक्षा का माहौल बनाना होगा। इसी सोच के साथ अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई। योगी ने कहा कि आज वही नीति उत्तर प्रदेश मॉडल बन चुकी है। अब दूसरे राज्य भी यूपी की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक मॉडल की चर्चा कर रहे हैं।
‘उदारता हमारा संस्कार है, लेकिन शक्ति भी जरूरी’
सीएम योगी ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति और शक्ति के संतुलन की बात भी की। उन्होंने संस्कृत श्लोक “वसुधैव कुटुम्बकम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरी दुनिया को परिवार मानना भारतीय संस्कृति की पहचान है। लेकिन उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उदारता की रक्षा के लिए शक्ति भी जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध पंक्तियां भी सुनाईं- “क्षमा शोभती उस भुजंग को, जिसके पास गरल हो…” योगी ने कहा कि अगर राष्ट्र मजबूत नहीं होगा तो उसकी उदारता का गलत फायदा उठाया जा सकता है।
‘अब सरकार के फैसले में माफिया दखल नहीं दे सकता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के पास बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। एक्सप्रेसवे, हाईवे, रेलवे, मेट्रो और एयर कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि अब सरकार के फैसलों में कोई माफिया या बाहरी तत्व हस्तक्षेप नहीं कर सकता। जो पहले परियोजनाओं को रोकते थे, वे अब कानून के डर से पीछे हट चुके हैं। योगी ने कहा कि यही वजह है कि आज यूपी में बड़े उद्योगपति और निवेशक बिना डर निवेश कर रहे हैं।
डिफेंस कॉरिडोर और रक्षा उद्योग पर बड़ा फोकस
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है। राज्य में विकसित हो रहा डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, चित्रकूट और अलीगढ़ जैसे शहरों में 35 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश डिफेंस सेक्टर में उतर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहता था। लेकिन अब भारत खुद रक्षा उत्पाद बना रहा है और निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पहले डिफेंस एक्सपोर्ट सिर्फ 600 करोड़ रुपए के आसपास था, वहीं अब भारत 38 हजार करोड़ से लेकर 50 हजार करोड़ रुपए तक के रक्षा उत्पाद निर्यात करने की क्षमता रखता है।
‘युद्ध अब सिर्फ गोलियों से नहीं, डेटा और सिग्नल से भी लड़ा जा रहा’
योगी आदित्यनाथ ने आधुनिक युद्ध की बदलती तस्वीर पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज की लड़ाई सिर्फ बंदूक और मिसाइल से नहीं लड़ी जाती। अब डेटा, टेक्नोलॉजी और सिग्नल भी युद्ध का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में भारत को टेक्नोलॉजी और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने गल्फ वार का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया पर अत्यधिक निर्भरता कितनी खतरनाक हो सकती है, यह हाल के वैश्विक संकटों में देखा जा चुका है।
‘यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, देश का ग्रोथ इंजन’
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकल चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में 21 हजार से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं। 56 प्रतिशत वर्कफोर्स स्किल्ड है। MSME सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। योगी ने कहा कि आज यूपी देश की आर्थिक प्रगति में बड़ी भूमिका निभा रहा है। यही कारण है कि राज्य को अब “भारत का ग्रोथ इंजन” कहा जा रहा है।
लेफ्टिनेंट जनरल बोले- टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री और सेना का संगम जरूरी
कार्यक्रम में मौजूद लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा और टेक्नोलॉजी पर बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का संगम जिस तरह तीन नदियों को जोड़ता है, उसी तरह यह सिम्पोजियम टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री और सैन्य शक्ति के संगम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों और सेना के बीच मजबूत तालमेल ही भविष्य की सुरक्षा और इनोवेशन का आधार बनेगा। नॉर्थ टेक सिम्पोजियम के मंच से मुख्यमंत्री योगी का पूरा फोकस साफ दिखाई दिया- मजबूत कानून व्यवस्था, तेज विकास, डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता और निवेश के जरिए उत्तर प्रदेश को नई पहचान देना।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










