संतकबीर नगर में 58 करोड़ से बदलेगी दो प्रमुख सड़कें: बघौली-पिपरा बोरिंग मार्ग होगा सात मीटर चौड़ा, रुधौली और नेपाल की यात्रा होगी आसान

जिले में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए करीब 58 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सैकड़ों गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही रुधौली, सिद्धार्थनगर और नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों की दूरी लगभग 30 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने दोनों परियोजनाओं के प्रस्ताव शासन को भेज दिए हैं। जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-328ए के बघौली बाजार से शुरू होकर बस्ती-मेंहदावल-कैम्पियरगंज-तमकुहीराज राष्ट्रीय राजमार्ग-328 तक पहुंचने वाला बघौली-पिपरा बोरिंग मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है। करीब 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मौजूदा चौड़ाई 3.75 मीटर है, जिसे बढ़ाकर सात मीटर किया जाएगा। इस मार्ग से दर्जनों गांवों की करीब 30 हजार आबादी जुड़ी हुई है। बढ़ते यातायात के कारण बभनी बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 30.36 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद शुरू किया जाएगा निर्माण कार्य
इसी योजना के तहत लगभग नौ किलोमीटर लंबे नौरंगिया-गोरयाभार-जिगिना मार्ग का भी सात मीटर तक चौड़ीकरण किया जाएगा। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-328ए के नौरंगिया तिराहे से जुड़ता है और क्षेत्रीय यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रा का समय कम लगेगा और यातायात का दबाव भी घटेगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









