संतकबीरनगर में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, स्कूल पहुंची रसोईया ने देखा शव

संतकबीरनगर|08 अगस्त 2026
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, स्कूल पहुंची रसोईया ने देखा शव

धनघटा थाना क्षेत्र के जेखौती गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब आठ बजे विद्यालय की रसोईया स्कूल का ताला खोलने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान जेखौती गांव निवासी 21 वर्षीय हनुमंत राजभर पुत्र रामजगत के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। परिजनों के मुताबिक हनुमंत गांव में रहकर मजदूरी करता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों से पूछताछ की।

पैर जमीन से सटे होने पर परिजनों को शक

सूचना पर लोहरैया चौकी पुलिस और धनघटा थानाध्यक्ष दिलीप सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार युवक के पैर जमीन से सटे हुए थे और एक हाथ गले में पड़े फंदे के पास था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।