संतकबीरनगर में बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से हमला: सड़क पर गिरते ही मौत, आरोपी मौके से फरार

संतकबीरनगर|10 अगस्त 2026
सड़क पर गिरते ही मौत, आरोपी मौके से फरार

महुली थाना क्षेत्र के फरेनिया बाजार में एक बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। फरेनिया लाला गांव निवासी राम बच्चन प्रजापति चौराहे के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर किसी मामूली बात को लेकर उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि राम बच्चन प्रजापति पुत्र देवी दीन प्रजापति फरेनिया चौराहे की ओर जा रहे थे। वह एक लोहार की दुकान के सामने पहुंचे थे, तभी युवक ने अचानक उनके सिर पर रॉड से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद बाजार में दहशत की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात

वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हालांकि, अभी हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

एएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।