संतकबीरनगर में घरेलू विवाद में युवक ने घर में लगाई आग: पत्नी-बच्चों को निकाल खुद को किया बंद, पुलिस ने ताला तोड़कर निकाला बाहर

बखिरा थाना क्षेत्र के परतिया गांव में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर घर में आग लगा दी। आरोप है कि शराब के नशे में युवक ने पहले पत्नी और मासूम बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह खुद घर के अंदर चला गया और आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बखिरा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
एसओ उमाशंकर तिवारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार गंगाराम खुद को बचाने के प्रयास में घर के अंदर चैनल से चिपका हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घर में लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया गया।
गैस सिलेंडर बाहर निकालकर टाला बड़ा हादसा
घर में आग लगी होने के दौरान पुलिस ने वहां रखा गैस सिलेंडर भी बाहर निकलवाया। सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने के बाद बड़े हादसे की आशंका टल गई। आग की चपेट में आने से घर में खड़ी एक बाइक और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शराब के नशे में विवाद के बाद आगजनी का आरोप
पुलिस के मुताबिक परतिया गांव निवासी गंगाराम पुत्र गोपाल निषाद का शराब के नशे में पत्नी से घरेलू विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी और बच्चों को घर से बाहर कर दिया और बाद में घर में आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस ने गंगाराम को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आगजनी के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।










