संतकबीरनगर में तीन दिन की मासूम की मौत: टीकाकरण के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने किया हंगामा

संतकबीरनगर|
टीकाकरण के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने किया हंगामा

खलीलाबाद क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में तीन दिन की नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि टीका लगने के बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसका शरीर नीला पड़ने लगा, लेकिन सूचना देने के बावजूद तत्काल डॉक्टर के पहुंचने का आरोप लगाया गया है। बच्ची के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

गोरखल निवासी सुमित कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव का इलाज बेबीलैंड अस्पताल की डॉ. सीमा कुमारी के पास चल रहा था। 17 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर शिखा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद बच्ची के जन्म की जानकारी दी। परिजनों का दावा है कि जन्म के समय नवजात पूरी तरह स्वस्थ थी। उसका जन्म करीब नौ माह 15 दिन के गर्भ के बाद हुआ था।

टीका लगने के बाद बिगड़ी हालत

परिजनों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन की ओर से नवजात को टीका लगाया गया। इसके कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसका शरीर नीला पड़ गया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार डॉक्टर और अस्पताल के स्टाफ को इसकी जानकारी दी। लेकिन तत्काल कोई डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं पहुंचा। करीब दो से तीन घंटे बाद डॉ. सीमा कुमारी ने बच्ची की मौत की पुष्टि की।

पिता ने दो डॉक्टरों पर लगाए आरोप

घटना के बाद सुमित कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उन्होंने डॉ. सीमा कुमारी और डॉ. विपिन कुमार पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।