संतकबीरनगर में जच्चा-बच्चा की मौत: ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा गॉज पैड, प्रशासन ने अस्पताल को किया सील

संतकबीरनगर|
ऑपरेशन के दौरान पेट में छूटा गॉज पैड, प्रशासन ने अस्पताल को किया सील

मेंहदावल के न्यू केयर अस्पताल में प्रसव के दौरान हुए ऑपरेशन के करीब दो महीने बाद महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ऑपरेशन के दौरान गॉज पैड महिला के पेट में ही रह गया था, जिसके चलते उसे लगातार दर्द झेलना पड़ा। वहीं, ऑपरेशन के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद न्यू केयर अस्पताल को सील कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है।

बेलहर थाना क्षेत्र के जंगल दशहर देवघाट निवासी हरिगोविंद की पत्नी विनीता देवी करीब दो महीने पहले नौ महीने की गर्भवती थीं। प्रसव के लिए परिवार उन्हें मेंहदावल स्थित न्यू केयर अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद नवजात की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पहले उसे जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर रेफर किया। परिवार बच्चे को लेकर गोरखपुर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

दो महीने तक दर्द से परेशान रही महिला

नवजात की मौत के बाद परिवार पहले से ही परेशान था। इसी दौरान ऑपरेशन के बाद विनीता के पेट में लगातार दर्द बना रहा। पति हरिगोविंद के मुताबिक, शुरुआत में इसे सामान्य परेशानी मानकर स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। दवाएं चलने के बावजूद करीब दो महीने तक दर्द कम नहीं हुआ। इसके बाद परिवार उसे बस्ती के कैली अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां अल्ट्रासाउंड, एमआरआई समेत कई जांच कराई गईं।

पेट के अंदर से निकाला गया गॉज पैड

परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान विनीता के पेट के अंदर गॉज पैड होने की जानकारी सामने आई। परिवार का दावा है कि प्रसव के दौरान न्यू केयर अस्पताल में हुए ऑपरेशन के समय यह गॉज पैड पेट में रह गया था। इसके बाद कैली अस्पताल में विनीता का दोबारा ऑपरेशन किया गया और पेट के अंदर से गॉज पैड निकाला गया। कुछ समय इलाज चलने के बाद उनकी हालत फिर बिगड़ने लगी। इलाज के दौरान विनीता की मौत हो गई।

अस्पताल के जिम्मेदार लोगों पर उठाए सवाल

विनीता की मौत के बाद परिजनों ने पहले ऑपरेशन करने वाले अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि ऑपरेशन के दौरान गॉज पैड पेट में नहीं छूटा होता तो विनीता को दोबारा ऑपरेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ती। परिवार ने नवजात की मौत के बाद अस्पताल के जिम्मेदार लोगों पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद परिजनों की सहमति के बिना ही उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया। परिवार ने इस मामले की भी जांच कराने की मांग की है।

सीएमओ ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट

विनीता के परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और अस्पताल के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और स्वास्थ्य विभाग की जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह और कथित चिकित्सकीय लापरवाही के बीच संबंध स्पष्ट हो सकेगा। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया के निर्देश पर गठित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। इसके बाद न्यू केयर अस्पताल को सील कर दिया गया। अब पुलिस मेडिकल दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।