संतकबीरनगर में स्वाइन फ्लू पर बढ़ी निगरानी: जिला अस्पताल में बना दस बेड का वार्ड, प्रदेश में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क

संतकबीरनगर|
जिला अस्पताल में बना दस बेड का वार्ड, प्रदेश में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क

जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रदेश में संक्रमण से पहली मौत सामने आने और अब तक 685 से अधिक मामले मिलने के बाद जिले में भी एहतियाती तैयारियां तेज कर दी गई हैं। त्योहारों को देखते हुए गांव से लेकर शहर तक निगरानी बढ़ाई गई है। हालांकि, राहत की बात है कि संतकबीरनगर में अभी तक स्वाइन फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है।

खलीलाबाद स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। यहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सकों की तैनाती भी की गई है। सीएमएस डॉ. रमाशंकर ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं और चिकित्सकों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने स्वाइन फ्लू वार्ड का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

आईएचआईपी पोर्टल पर होगी मामलों की निगरानी

शासन ने स्वाइन फ्लू से जुड़े मामलों का पूरा विवरण आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इससे बीमारी से संबंधित आंकड़ों की ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी और संक्रमण की स्थिति पर नजर रखना आसान होगा। स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का दावा कर रहा है।

तीन दिन से ज्यादा लक्षण रहें तो कराएं जांच

डॉक्टर श्वेतांक सिंह ने बताया कि जुकाम, खांसी या बुखार तीन दिन से अधिक समय तक रहने पर इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉ. आईडी गौरव ने ऐसे लक्षण वाले लोगों से खुद को दूसरों से अलग रखने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। स्वाइन फ्लू में बुखार, मांसपेशियों में दर्द, आंखों का लाल होना, नाक बहना, गले में खराश, ठंड लगना, पसीना आना, आंखों में दर्द, थकान और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं। कुछ मरीजों में दस्त, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत भी सामने आ सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर समय से इलाज कराने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।