संतकबीरनगर में नवविवाहिता की मौत: दहेज में दो लाख की मांग का आरोप, पति समेत तीन पर केस दर्ज

संतकबीरनगर|
दहेज में दो लाख की मांग का आरोप, पति समेत तीन पर केस दर्ज

बेलहरकला में शादी के छह महीने बाद महिला की मौत से हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने पति, जेठ और ससुर पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। लक्ष्मी का शव उसके ससुराल में मिला। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति निखिल, जेठ मोनू और ससुर गिरधारी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के मराठा निवासी रामकिशुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने बेटी लक्ष्मी की शादी मार्च 2026 में बेलहरकला गांव निवासी निखिल से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति निखिल, जेठ मोनू और ससुर गिरधारी दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर लक्ष्मी को परेशान करते थे। पिता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर दी।

गले पर मिले कसने के निशान

रामकिशुन के मुताबिक, शनिवार को उन्हें बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोग तत्काल बेलहरकला पहुंचे। वहां लक्ष्मी का शव देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मृतका के गले पर कसने के लाल निशान दिखाई दे रहे थे। इससे परिजनों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई।

पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष हरिकेश ने बताया कि रामकिशुन की शिकायत के आधार पर निखिल, मोनू और गिरधारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।