संतकबीरनगर में युवक ने की पेट्रोल डाल आत्मदाह की कोशिश: सरकारी आवास न मिलने से था नाराज, कर्मचारियों ने छीना पेट्रोल

जिले में आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से नाराज युवक पेट्रोल लेकर नाथनगर ब्लॉक पहुंच गया। अधिकारियों के सामने शिकायत रखने के दौरान उसने अचानक आत्मदाह की कोशिश की। युवक के पेट्रोल डालने से पहले ही ब्लॉक कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल से भरा डिब्बा छीन लिया। इससे मौके पर बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत छितही निवासी तबरेज अहमद ब्लॉक परिसर पहुंचा था। तबरेज ने अधिकारियों के सामने शिकायत रखी कि पात्र होने के बावजूद उसे आवास योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसी दौरान उसने अपने झोले से पेट्रोल से भरा डिब्बा निकाल लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। उसने ब्लॉक अधिकारियों पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। युवक के इस कदम से परिसर में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने कब्जे में लिया
तबरेज को पेट्रोल लेकर आत्मदाह की कोशिश करते देख कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने उसके हाथ से पेट्रोल का डिब्बा छीन लिया। सूचना मिलने पर महुली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के झोले से मिला पेट्रोल का डिब्बा अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद सामने आए वीडियो में भी ब्लॉक परिसर में हुई इस पूरी घटना को देखा जा सकता है।
ग्राम प्रधान और सचिव पर लगाया पक्षपात का आरोप
तबरेज का आरोप है कि उसका नाम जीरो पावर्टी सूची में शामिल है, इसके बावजूद उसे आवास का लाभ नहीं मिल रहा है। उसने मौजूदा ग्राम प्रधान और सचिव पर मिलीभगत कर उसे योजना के लाभ से वंचित रखने का आरोप लगाया। युवक ने कहा कि इसी समस्या से परेशान होकर उसने आत्मदाह जैसा कदम उठाने की कोशिश की।
बीडीओ ने पात्रता को लेकर बताई वजह
नाथनगर के बीडीओ कुलदीप कुमार ने आवास नहीं मिलने के पीछे अलग वजह बताई। उन्होंने कहा कि तबरेज अहमद की माता को वर्ष 2014-15 में लोहिया आवास मिल चुका है। परिवार की मौजूदा स्थिति की जांच ब्लॉक के परिवार रजिस्टर के आधार पर की गई है। रजिस्टर में तबरेज का परिवार अभी भी संयुक्त परिवार के रूप में दर्ज है। बीडीओ के मुताबिक, इसी स्थिति के आधार पर आवास योजना की पात्रता तय की जा रही है।











