संतकबीरनगर में 14 सितंबर से होमगार्ड भर्ती की दौड़: रोज 900 अभ्यर्थी दौड़ेंगे, 41,424 पदों पर होगी भर्ती प्रक्रिया

संतकबीरनगर में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा 14 से 21 सितंबर तक कराई जाएगी। पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड को दौड़ परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। रोजाना करीब 900 अभ्यर्थियों को दो पालियों में बुलाया जाएगा। परीक्षा के लिए 22 सितंबर की तारीख रिजर्व रखी गई है। इससे पहले दौड़ परीक्षा 8 से 15 सितंबर के बीच प्रस्तावित थी। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना होगा।
उत्तर प्रदेश में 41,424 होमगार्ड पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण पूरा होने के बाद अब शारीरिक दक्षता परीक्षा की बारी है। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी पंजीकरण नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा के लिए बनाए गए 15 केंद्र
पूरे प्रदेश में शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं। गोरखपुर जोन के जिलों के अभ्यर्थियों की दौड़ के लिए संतकबीरनगर पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड का चयन किया गया है। करीब 400 मीटर के मैदान को परीक्षा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। पहली पाली में सुबह पांच बजे 450 और दूसरी पाली में सुबह छह बजे 450 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा।
पुरुष 28 तो महिलाएं 16 मिनट में पूरी करेंगी दौड़
परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए 2.4 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित है, जिसे 16 मिनट में पूरा करना होगा। परीक्षा को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए समय, परीक्षा केंद्र और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
तैयारियां तेज
एसपी संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के अनुसार, गोरखपुर जोन के अभ्यर्थियों की दौड़ के लिए संतकबीरनगर पुलिस लाइंस का चयन किया गया है। परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं।











