संतकबीरनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, बच्चा न होने लेकर करते थे प्रताड़ित

बखिरा थाना क्षेत्र स्थित तिहरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि विवाहिता को लंबे समय से बच्चा न होने और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मृतका की पहचान कुसुम के रूप में हुई है। उसके भाई जितेंद्र कुमार, निवासी परसा जाफर, पुरानी बस्ती (बस्ती), ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कुसुम का विवाह चार मई 2023 को तिहरा गांव निवासी कन्हैया कन्नौजिया के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष ने उसे बच्चा न होने को लेकर ताने देने शुरू कर दिए थे। इसके साथ ही 50 हजार रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग भी की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था।
हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि पति और उसके परिजनों ने मिलकर कुसुम की गला कसकर हत्या कर दी। आरोप के मुताबिक, घटना को आत्महत्या साबित करने के उद्देश्य से बॉडी को फंदे से लटकाया गया और बाद में नीचे उतार लिया गया। परिजनों का दावा है कि मृतका के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं। जिससे उन्हें हत्या की आशंका और प्रबल लग रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस के सामने विरोध जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। बखिरा थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। जिससे घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। वहीं, विवाहिता की मौत से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









