दबंगों ने युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा: जिंदा जलाने का आरोप, पांच आरोपियों पर केस दर्ज

डुमरियागंज थाना क्षेत्र में एक प्रवासी कारपेंटर के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। युवक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोककर निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा। उसके कपड़ों में आग लगा दी और पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
खरगौला गांव निवासी अब्दुल मोतीम सूरत में कारपेंटर का कार्य करते हैं। बकरीद के अवसर पर अपने घर आए हुए थे। पीड़ित के अनुसार, तीन जून की रात वह सेखुईया गांव से भोजन कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि सिराज, रफीक अहमद, शोलू, इबरार समेत अन्य लोगों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कपड़े जलाए, पेट्रोल डालकर जान लेने का प्रयास
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और कपड़ों, जूतों तथा ब्लूटूथ डिवाइस में आग लगा दी। इसके बाद उसके शरीर पर भी पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच गई। वायरल वीडियो में युवक निर्वस्त्र अवस्था में दया की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नकदी लूटने और मोबाइल तोड़ने का आरोप
अब्दुल मोतीम ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके निजी अंगों पर भी बेल्ट से हमला किया गया। साथ ही पर्स में रखे करीब आठ हजार रुपये नकद छीन लिए गए और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि पुलिस को दी गई मूल शिकायत में कई गंभीर आरोप शामिल थे। लेकिन मुकदमा दर्ज करते समय सभी बिंदुओं को शामिल नहीं किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रकाश यादव ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









