बंगाल में बीजेपी सरकार गठन की तैयारी तेज: कोलकाता पहुंचे अमित शाह, आज नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान संभव

वेस्ट बंगाल में ऐतिहासिक चुनाव जीत के बाद अब नई बीजेपी सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंच गए। उन्हें विधायक दल का नेता चुनने के लिए भाजपा का केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। शाह आज दोपहर दो बजे होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 294 में से 207 सीटें जीत लीं। यह पहली बार है जब राज्य में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई। मुख्यमंत्री पद की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे बताए जा रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया। इसके अलावा उन्होंने नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता को हराया था।
ममता ने हार को बताया साजिश
चुनाव नतीजों के बाद बंगाल की राजनीति में बयानबाजी भी तेज हो गई है। पांच मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर साजिश की है। ममता ने दावा किया कि 100 से ज्यादा सीटों पर गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि यह जनादेश की हार नहीं बल्कि राजनीतिक साजिश का परिणाम है। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
भाजपा में जश्न, सरकार गठन की तैयारी
कोलकाता में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। पार्टी अब जल्द से जल्द नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। अमित शाह के दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बंगाल में भाजपा की जीत राष्ट्रीय राजनीति पर भी बड़ा असर डालेगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राज्य की कमान आखिर किस नेता को सौंपी जाती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










