क्रिप्टो-चिटफंड घोटालों पर ईडी की रेड: बंगाल के कई जिलों में एक साथ छापेमारी, बैंक खातों में वित्तीय लेनदेन के बाद दोबारा कार्रवाई

पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह व्यापक छापेमारी अभियान चलाते हुए क्रिप्टो निवेश, चिटफंड और कथित फर्जी शेयर बाजार निवेश से जुड़े मामलों की जांच तेज कर दी। केंद्रीय एजेंसी ने दुर्गापुर, हावड़ा और नदिया समेत कई जिलों में एक साथ कार्रवाई की। तलाशी के दौरान सभी स्थानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी रही। ईडी विभिन्न वित्तीय लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है।
दुर्गापुर के अंडाल स्थित श्रीपल्ली सुभाषनगर रिक्शाडांगा इलाके में ईडी की टीम ईसीएल के पूर्व कर्मचारी दिलीप मल्लिक के आवास पहुंची। जांच एजेंसी के अनुसार, दिलीप मल्लिक और उनके पुत्र दिगंत मल्लिक पर कोलकाता के फेयरली प्लेस में कार्यालय संचालित कर लोगों को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये जुटाने का आरोप है। एजेंसी को संदेह है कि इस धन का कुछ हिस्सा विदेशों में भी भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, दिगंत मल्लिक का दुबई के एक कारोबारी से भी संपर्क रहा है। वह पहले इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। बाद में जमानत पर रिहा हुए थे। हाल में बैंक खातों में बड़े वित्तीय लेनदेन सामने आने के बाद ईडी ने दोबारा कार्रवाई की है।
हावड़ा और नदिया में भी जांच तेज
ईडी ने हावड़ा के बैटरा थाना क्षेत्र स्थित कुचिल सरकार लेन निवासी सौरभ चट्टोपाध्याय के घर भी तलाशी अभियान चलाया। उन पर कई चिटफंड कंपनियों से जुड़े होने तथा शेयर बाजार से संबंधित कारोबार करने के आरोप हैं। वहीं, नदिया जिले के कालीनारायणपुर में कारोबारी सुभ्रकांति नाग उर्फ बाबाई नाग के आवास पर भी एजेंसी ने छापा मारा।
दस्तावेजों और लेनदेन की हो रही जांच
जांच एजेंसी के अनुसार, सुभ्रकांति नाग पर 'स्टॉक गुरुकुल' नाम से संस्था संचालित कर शेयर बाजार प्रशिक्षण और निवेश के नाम पर लोगों से धन जुटाने तथा कथित ठगी करने के आरोप हैं। ईडी निवेशकों से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापेमारी के समय कारोबारी और उनके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल एजेंसी सभी मामलों में साक्ष्य जुटाने और धन के प्रवाह की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









