बंगाल में चुनावी हिंसा तेज: मोदी की रैली से पहले जगदल में बीजेपी-टीएमसी भिड़ंत, फायरिंग-बमबाजी के आरोप

कोलकाता|27 अप्रैल 2026
मोदी की रैली से पहले जगदल में बीजेपी-टीएमसी भिड़ंत, फायरिंग-बमबाजी के आरोप

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से ठीक पहले रविवार रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम फेंके जाने के आरोप लगे हैं। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं एक सीआईएसएफ जवान के पैर में गोली लगने का भी दावा किया गया है। इस घटना ने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, जगदल के जलेबी माठ मैदान में प्रधानमंत्री की रैली होनी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रैली से पहले लगाए गए पोस्टर और झंडों को फाड़ दिया गया। इसकी शिकायत करने जब कार्यकर्ता थाने पहुंचे, तभी वहां टीएमसी समर्थक भी आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। थाने के बाहर ही पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालात तेजी से बिगड़े और फायरिंग व बमबाजी के आरोप सामने आए। मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागते नजर आए।

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस मौके से गायब थी। जगदल से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार ने कहा कि वे शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन अधिकारी वहां से चले गए। इसके बाद टीएमसी समर्थकों ने हमला कर दिया। वहीं भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह ने दावा किया कि उनके घर पर भी बम फेंका गया। उन्होंने कहा कि विवाद पहले की एक मीटिंग से शुरू हुआ था जिसमें टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बाधा डाली थी। दूसरी तरफ टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता इलाके में बैनर लगा रहे थे, तभी भाजपा समर्थकों ने हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेता अर्जुन सिंह अपने सीआईएसएफ जवानों के साथ थाने पहुंचे और अंदर ही मारपीट की। दोनों पक्षों ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है और कार्रवाई की मांग की है।

चुनावी प्रचार का आखिरी दिन

राज्य में चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता और हुगली में दो बड़े रोड शो करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी जादवपुर, टॉलीगंज और भवानीपुर में जनसभाएं करेंगी। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में रोड शो किया और थंथानिया कालीबाड़ी में मां काली के दर्शन भी किए।

एनआईए ने संभाला बम बरामदगी का केस

इस बीच, पश्चिम बंगाल में बढ़ती हिंसा को देखते हुए केंद्र सरकार भी सतर्क हो गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने देशी बम बरामदगी के एक बड़े मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। 25 अप्रैल को कोलकाता पुलिस ने एक जगह से 79 देशी बम और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया था। इस घटना ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।