पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल में दिखा कड़ा मुकाबला: छह सर्वे में भाजपा बहुमत के करीब, दो में तृणमूल की वापसी का दावा

कोलकाता|30 अप्रैल 2026
छह सर्वे में भाजपा बहुमत के करीब, दो में तृणमूल की वापसी का दावा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे इस बार बेहद दिलचस्प और उलझे हुए नजर आ रहे हैं। आठ प्रमुख सर्वे एजेंसियों के आंकड़े सामने आए हैं। इनमें से छह सर्वे भाजपा को स्पष्ट बढ़त और बहुमत के करीब दिखा रहे हैं। वहीं दो सर्वे ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की मजबूत वापसी का दावा कर रहे हैं। ऐसे में चुनावी तस्वीर पूरी तरह क्लियर नहीं है। नतीजों से पहले ही सियासी माहौल गर्म हो गया है। दोनों पार्टियां अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं।

एग्जिट पोल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘प्रजा पोल’, ‘पोल डायरी’, ‘पी-मारक्यू’, ‘मैट्रिज’, ‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’ और ‘जेवीसी’ जैसे सर्वे में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। खासकर ‘प्रजा पोल’ ने भाजपा को 178 से 208 सीटें मिलने का अनुमान दिया है। यह आंकड़ा बहुमत से काफी ऊपर है। इससे संकेत मिलता है कि भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बना सकती है। बाकी सर्वे भी भाजपा को 140 से 170 सीटों के बीच दिखा रहे हैं। इन सभी आंकड़ों से यह साफ है कि पार्टी ने इस बार अपनी पकड़ मजबूत की है और तृणमूल को कड़ी चुनौती दी है।

दो सर्वे में तृणमूल की मजबूत वापसी का दावा

हालांकि सभी सर्वे एक जैसी तस्वीर नहीं दिखा रहे हैं। ‘जनमत पोल्स’ और ‘पीपल्स पल्स’ ने बिल्कुल अलग रुझान दिए हैं। इन दोनों सर्वे में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस को बड़ी बढ़त दिखाई गई है। ‘जनमत पोल्स’ के मुताबिक तृणमूल 195 से 205 सीटें जीत सकती है। वहीं भाजपा को 80 से 90 सीटों तक सीमित बताया गया है। ‘पीपल्स पल्स’ ने भी तृणमूल को 177 से 187 सीटें दी हैं। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि तृणमूल लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर सकती है।

एजेंसीवार आंकड़े, अलग-अलग कहानी

अगर सभी सर्वे को एक साथ देखा जाए तो तस्वीर और भी रोचक हो जाती है। ‘मैट्रिज’ ने तृणमूल को 125-140 और भाजपा को 146-161 सीटें दी हैं। ‘पोल डायरी’ में भाजपा 142-171 और तृणमूल 99-127 सीटों पर दिखाई गई है। ‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’ ने भाजपा को 150-160 और तृणमूल को 130-140 सीटें दी हैं। वहीं ‘जेवीसी’ का अनुमान भी कांटे की टक्कर दिखाता है, जहां भाजपा 138-159 और तृणमूल 131-152 सीटों के बीच है। इन आंकड़ों से साफ है कि मुकाबला बेहद करीबी हो सकता है।

राजनीतिक हलचल तेज, बयानबाजी शुरू

एग्जिट पोल सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपॉ जहां इसे बदलाव की लहर बता रही है, वहीं ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस इन आंकड़ों को खारिज कर रही है। तृणमूल नेताओं का कहना है कि जमीनी हकीकत अलग है और नतीजे उनके पक्ष में आएंगे। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता भी सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इससे चुनावी माहौल और गर्म हो गया है।

नतीजों पर टिकी सबकी नजर

एग्जिट पोल चाहे जो भी कह रहे हों, लेकिन असली तस्वीर मतगणना के दिन ही साफ होगी। फिलहाल जो संकेत मिल रहे हैं, वे एक कड़े और रोमांचक मुकाबले की ओर इशारा करते हैं। यह चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि राजनीतिक वर्चस्व का भी है। अब सबकी नजरें रिजल्ट डे पर टिकी हैं। उसी दिन यह तय होगा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी बनेगी और किसकी रणनीति कामयाब साबित होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।