सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा : बिहार और यूपी से तीन संदिग्ध गिरफ्तार, छह मई को कार रुकवाकर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

कोलकाता|11 मई 2026
बिहार और यूपी से तीन संदिग्ध गिरफ्तार, छह मई को कार रुकवाकर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चित बने चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया। बंगाल सीआईडी ने इस मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी बिहार और उत्तर प्रदेश में देर रात हुई। सोमवार सुबह तीनों आरोपियों को औपचारिक रूप से अरेस्ट किया गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में बंगाल लाया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बक्सर निवासी मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य शामिल हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के बलिया से राज सिंह पकड़ा गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक राज सिंह पेशेवर शूटर माना जा रहा। सीआईडी अब तीनों से लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को शक है कि हत्या बेहद प्लानिंग के तहत कराई गई। इस मामले में सुपारी किलिंग का एंगल मजबूत माना जा रहा। चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट थे। राजनीतिक गलियारों में उन्हें सुवेंदु का बेहद करीबी माना जाता था। उनकी हत्या ने बंगाल की राजनीति में सनसनी फैला दी। घटना के बाद से ही विपक्ष लगातार कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा। अब गिरफ्तारियों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।

यह सनसनीखेज वारदात छह मई की रात हुई थी। चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित घर लौट रहे थे। वह स्कॉर्पियो में सवार थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। रात करीब दस बजे उनकी गाड़ी CCTV कैमरे में दिखाई दी। फुटेज में कुछ देर बाद संदिग्ध कार और बाइक भी नजर आईं। जांच एजेंसियों के मुताबिक हमलावर लगातार स्कॉर्पियो का पीछा कर रहे थे। मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास अचानक कार सामने आ गई। स्कॉर्पियो को मजबूरन रोकना पड़ा। तभी बाइक सवार बदमाश पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। चंद्रनाथ के सीने और पेट में गोलियां लगीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बदमाश वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू हुई। अधिकारियों ने घटनास्थल से संदिग्ध कार बरामद की। जांच में कार की नंबर प्लेट फर्जी निकली। इतना ही नहीं, चेसिस और इंजन नंबर भी मिटाए गए थे। पुलिस को एक बाइक भी मिली। दूसरी बाइक अब तक बरामद नहीं हुई। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूरी वारदात बेहद प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दी गई।

मॉडर्न हथियार से हुआ हमला

सीआईडी की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ। अधिकारियों के मुताबिक हत्या में ग्लॉक 47X पिस्टल इस्तेमाल हुई। यह हाईटेक और मॉडर्न हथियार माना जाता है। आम अपराधियों के पास ऐसे हथियार कम मिलते हैं। इसी वजह से पुलिस प्रोफेशनल शूटर एंगल पर जांच कर रही। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर बेहद प्रशिक्षित नजर आए। उन्होंने सिर्फ कुछ सेकेंड में हमला पूरा किया। इसके बाद अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। पुलिस को शक है कि वारदात पहले से रेकी करके अंजाम दी गई। CCTV फुटेज और डिजिटल लोकेशन खंगाली जा रही है। सीआईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची। साथ ही सुपारी किसने दी। राजनीतिक दुश्मनी समेत कई एंगल पर जांच जारी है। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से कई अहम सुराग मिले हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव मानी जा रही हैं।

एयरफोर्स छोड़ राजनीति में आए थे

चंद्रनाथ रथ का नाम बंगाल की राजनीति में जाना-पहचाना माना जाता था। वह पहले एयरफोर्स में अफसर रह चुके थे। बाद में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली। कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम किया। इसके बाद राजनीति से जुड़ गए। सुवेंदु अधिकारी जब तृणमूल कांग्रेस में थे, तभी से चंद्रनाथ उनके साथ थे। 2019 में वह सुवेंदु की ऑफिशियल टीम का हिस्सा बने। उस समय सुवेंदु ममता सरकार में मंत्री थे। भवानीपुर चुनाव में भी चंद्रनाथ की बड़ी भूमिका मानी गई। उनकी मां हाशी रथ भी पहले TMC में थीं। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गईं। चंद्रनाथ बेहद शांत और लो-प्रोफाइल स्वभाव के माने जाते थे। लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहने के बावजूद वह सुर्खियों से दूर रहे। अब उनकी हत्या ने पूरे बंगाल में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।