TMC में बढ़ी अंदरूनी हलचल: ममता का BJP पर बड़ा आरोप, विधायकों को डराकर पार्टी तोड़ने की साजिश

कोलकाता|15 घंटे पहले
ममता का BJP पर बड़ा आरोप, विधायकों को डराकर पार्टी तोड़ने की साजिश

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा तथा पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि उनकी पार्टी के विधायकों और सांसदों पर टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। सोमवार को जारी एक वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने कहा कि डराने, धमकाने और प्रलोभन देने जैसी रणनीतियों के जरिए उनकी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। टीएमसी ऐसी चुनौतियों से और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को व्यवस्थित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन के लिए घरों से बाहर निकलने तक नहीं दिया जा रहा है। पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा नहीं है। इस तरह के दावे पूरी तरह निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। उनके अनुसार टीएमसी का संगठन पूरी मजबूती के साथ अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ खड़ा है।

दो विधायकों के निष्कासन से बढ़ी राजनीतिक चर्चा

इसी बीच पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में टीएमसी ने अपने दो विधायकों संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी को निष्कासित कर दिया है। पार्टी का आरोप है कि दोनों विधायक लगातार संगठनात्मक बैठकों से दूरी बनाए हुए थे और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी लाइन के खिलाफ बयान दे रहे थे। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीतिक गलियारों में टीएमसी के भीतर असंतोष और संभावित टूट को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

बैठक में विधायकों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय

राजनीतिक हलकों में चर्चा उस समय और तेज हो गई जब 31 मई को ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक में अपेक्षित उपस्थिति नहीं रही। कालीघाट स्थित उनके आवास पर आयोजित होने वाली बैठक में 80 विधायकों में से केवल 20 विधायक ही पहुंचे। जिसके बाद बैठक स्थगित करनी पड़ी। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि अधिकांश विधायक आगामी विरोध प्रदर्शनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों में व्यस्त थे।

विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी टीएमसी

टीएमसी ने घोषणा की है कि पार्टी राज्यभर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए संघर्ष जारी रहेगा। विपक्ष इन घटनाओं को टीएमसी के भीतर बढ़ती असहमति का संकेत बता रहा है। पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह घटनाक्रम आने वाले दिनों में और अधिक महत्वपूर्ण रूप ले सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।