एग्जिट पोल पर टीएमसी का पलटवार: ‘हर किसी को सपने देखने का अधिकार’, बंगाल में सियासी माहौल गरम

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एग्जिट पोल के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। डोला सेन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “हर किसी को सपने देखने का अधिकार है।” उनका यह बयान उन एग्जिट पोल्स के बाद आया है। जिनमें भाजपा को बढ़त दिखाई गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जमीनी स्तर पर उतनी मजबूत नहीं है। जितना एग्जिट पोल में दिखाया जा रहा है। उनके मुताबिक कई जगहों पर भाजपा अपने बूथ एजेंट तक खड़े नहीं कर पाई थी। इससे साफ है कि चुनावी तस्वीर उतनी एकतरफा नहीं है जितनी बताई जा रही है।
डोला सेन ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी राज्य सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ किसी बड़ी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने संदेशखाली का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष ने इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। साथ ही उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, लेकिन यह भी कहा कि सरकार ने उसे गंभीरता से संभाला। उनके अनुसार ममता बनर्जी ने जिस तरह स्थिति को कंट्रोल किया, वैसा किसी “डबल इंजन सरकार” में संभव नहीं होता।
कोलकाता को बताया सबसे सुरक्षित शहर
टीएमसी सांसद ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कोलकाता को तीन बार देश का सबसे सुरक्षित शहर घोषित किया जा चुका है। उनके मुताबिक यह राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक सख्ती का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता आज भी ममता बनर्जी पर भरोसा करती है। उन्हें एक मजबूत और जुझारू नेता के रूप में देखा जाता है। यही कारण है कि टीएमसी को लगातार समर्थन मिल रहा है।
दूसरे चरण में रिकॉर्ड मतदान
पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस चरण में 142 सीटों पर वोट डाले गए। कुल 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। मतदान प्रतिशत काफी ऊंचा रहा। करीब 92 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुछ जगहों पर टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें भी सामने आईं, लेकिन कुल मिलाकर चुनाव शांतिपूर्ण रहा। यह आंकड़ा राज्य में लोकतंत्र के प्रति लोगों की भागीदारी को दर्शाता है।
निर्वाचन अधिकारी का बयान
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि इस बार का मतदान ऐतिहासिक रहा है। उनके मुताबिक पहले चरण के मुकाबले दूसरे चरण में थोड़ा ज्यादा मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कुछ छोटी घटनाएं जरूर हुईं, लेकिन किसी बड़ी गड़बड़ी की खबर नहीं आई। उन्होंने कहा कि लोगों ने इस चुनाव को एक त्योहार की तरह मनाया और बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
एग्जिट पोल में अलग-अलग अनुमान
एग्जिट पोल के आंकड़े अलग-अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। कुछ सर्वे में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, तो कुछ में टीएमसी को मजबूत बताया गया है। पोल डायरी और मैट्रिज जैसे सर्वे में भाजपा को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि टीएमसी को 125 से 140 सीटें दी गई हैं। वहीं प्रजा पोल ने भाजपा को 178 से 208 सीटें मिलने की संभावना जताई है। दूसरी ओर पीपल्स पल्स और जनमत पोल्स जैसे सर्वे टीएमसी को आगे दिखा रहे हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि मुकाबला कड़ा है और नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










