बाइक सवार को बचाने में हादसा: पति-पत्नी और मासूम समेत 5 की मौत, अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी बोलेरो

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मटकुली-पिपरिया मार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार वाहन सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तीन बार पलट गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका आठ वर्षीय बेटा भी शामिल है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, पुत्र अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) तथा झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। बताया गया है कि सभी लोग तामिया से होशंगाबाद की ओर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए। एक साथ पांच लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन
हादसे में घायल शरद उइके ने बताया कि प्रदीप धुर्वे उनके जीजा थे। वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ दोस्तों के साथ तामिया गए थे और लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। प्रदीप धुर्वे सेमरी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मटकुली के पास वाहन ओवरटेक करने के दौरान असंतुलित हो गया और देखते ही देखते सड़क किनारे पलट गया। जानकारी के अनुसार बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि बोलेरो तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ा। इससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और लगातार तीन बार पलट गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









