गुजरात में भीषण सड़क हादसा: दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत, 40 घायल

16 घंटे पहले
दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत, 40 घायल

गुजरात के सूरत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारडोली कस्बे के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो यात्री बसों के बीच हुई भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। वहीं लगभग 40 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद एक बस में आग लग गई। जिससे स्थिति और भयावह हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन को तत्काल मोर्चा संभालना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना उवा गांव के निकट हुई। एक बस सूरत से महाराष्ट्र के धुले की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी बस चालीसगांव से सूरत की तरफ आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र की ओर जा रही बस पहले एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस से जा भिड़ी। इस जोरदार टक्कर के कारण ट्रैक्टर भी पलट गया। सड़क किनारे गड्ढेनुमा क्षेत्र में जा गिरा। दुर्घटना के कुछ ही क्षण बाद बस में आग लग गई। जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान पर बन आई।

राहत और बचाव अभियान में जुटी कई एजेंसियां

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग तथा सूरत और तापी जिलों की प्रशासनिक टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार आग लगने वाली बस में सवार सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए या घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल बारडोली अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। सूरत के पुलिस अधीक्षक राजेश घड़िया ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों को हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है।

मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता

हादसे के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी संवेदना व्यक्त की है। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है। सभी घायलों को निशुल्क और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। एमएसआरटीसी प्रबंधन ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रबंधन ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। निगम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों और कर्मचारियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जाती है। घायलों की हर संभव मदद की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।