महाराष्ट्र में निर्माणाधीन मंडप की गिरी छत: 7 की मौत; 25 घायल, प्रसाद ले रहे थे श्रद्धालु

1 घंटा पहले
7 की मौत; 25 घायल, प्रसाद ले रहे थे श्रद्धालु

महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित यशवाड़ी देवस्थान के त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर परिसर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक ढह गई। इससे वहां मौजूद श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। वहीं, 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस तथा प्रशासन की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।

जानकारी के अनुसार मंदिर के सामने सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे थे और पूजा-अर्चना के लिए परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान बांस और लोहे की रॉड से तैयार किया गया सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया। इससे निर्माणाधीन छत और पत्थर भरभराकर नीचे गिर पड़े। मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ थी। इसके चलते हादसे का असर भी बड़ा रहा।

CCTV में कैद हुआ हादसा

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि श्रद्धालु दर्शन और प्रसाद के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान निर्माणाधीन संरचना अचानक धराशायी हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। जिला कलेक्टर संजय चव्हाण, उपमंडल अधिकारी संगीता चव्हाण तथा तहसीलदार पांडुरंग माछेवाड़ ने बताया कि कुल 32 लोग हादसे की चपेट में आए।इनमें से सात लोगों की मौत हो गई। वहीं 25 लोग घायल हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग, पथरी अग्निशमन दल, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है।

400 वर्ष पुराना है त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर

मनवत तालुका स्थित यशवाड़ी का त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर करीब 400 वर्ष पुराना माना जाता है। क्षेत्र की प्रमुख आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि अतीत में पूरा गांव उजड़ जाने के बावजूद मंदिर सुरक्षित बना रहा था। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर का विस्तार किया जा रहा था। इसी क्रम में सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। दुर्भाग्यवश निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।