बेंगलुरु की पत्थर खदान में गिरी भारी चट्टान: बिहार के 8 मजदूरों की मौत, स्टोन क्रशर साइट पर कर रहे थे काम

1 घंटा पहले
बिहार के 8 मजदूरों की मौत, स्टोन क्रशर साइट पर कर रहे थे काम

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। खनन कार्य के दौरान ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से बिहार के आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना क्षेत्र स्थित पत्थर खदान में गुरुवार सुबह नियमित खनन कार्य चल रहा था। इसी दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान अचानक टूटकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरी। हादसे के समय खदान में लगभग 18 मजदूर मौजूद थे। चट्टान गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे में दब गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और स्टोन क्रशर साइट पर कार्यरत थे।

घायलों का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। घायल मजदूरों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन फिलहाल घायलों की सटीक संख्या का सत्यापन कर रहा है।

पूरे क्षेत्र को किया गया सील

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हादसा स्थल को सील कर दिया है। राहत दल लगातार मलबा हटाकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि उसके नीचे कोई अन्य मजदूर तो नहीं दबा है। बचाव अभियान के साथ पूरे घटनास्थल की निगरानी भी की जा रही है।

हादसे के कारणों की होगी जांच

पुलिस ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ मजदूर बिहार के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि चट्टान किन परिस्थितियों में गिरी और खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।