पंजाब में आप मंत्री संजीव अरोड़ा को ED ने किया अरेस्ट : 157 करोड़ रुपए का फर्जी कारोबार, सरकारी घर समेत कई ठिकानों पर रेड

पंजाब की राजनीति में शनिवार को बड़ा भूचाल आ गया। केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कर लिया। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक चली। करीब 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद ED की टीम उन्हें चंडीगढ़ से दिल्ली ले गई। बताया जा रहा है कि अब उनसे आगे की पूछताछ दिल्ली में होगी। रात उन्हें ED लॉकअप में रखा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पंजाब में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।
शनिवार सुबह अचानक ED की कई टीमें चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मंत्री संजीव अरोड़ा की सरकारी कोठी पहुंचीं। देखते ही देखते पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। करीब 15 गाड़ियों का काफिला मौके पर पहुंचा। बाहर CRPF जवानों की तैनाती कर दी गई। किसी को अंदर-बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। इसी दौरान दिल्ली और गुरुग्राम समेत कई अन्य ठिकानों पर भी एक साथ रेड डाली गई। जांच एजेंसी ने मंत्री के करीबी कारोबारियों और कंपनियों से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले।
फर्जी GST बिलिंग और शेल कंपनियों का खेल
ED के मुताबिक जांच में बड़ा वित्तीय नेटवर्क सामने आया है। एजेंसी का दावा है कि संजीव अरोड़ा से जुड़ी फर्मों ने मोबाइल फोन खरीद और बिक्री के नाम पर करीब 157 करोड़ रुपए का फर्जी कारोबार दिखाया। आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क सिर्फ कागजों में चलाया गया। कई शेल कंपनियों के जरिए फर्जी एक्सपोर्ट दिखाए गए। दुबई से भारत में अवैध पैसा लाने के लिए राउंड-ट्रिपिंग का इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार दिल्ली की कई ऐसी फर्मों के नाम इस्तेमाल किए गए जो असल में मौजूद ही नहीं थीं। इन कंपनियों के जरिए फर्जी GST बिल तैयार किए गए। इन्हीं बिलों के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया। साथ ही एक्सपोर्ट के नाम पर GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का फायदा उठाया गया। ED का कहना है कि इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।
पंजाब चुनाव से पहले बढ़ा राजनीतिक तापमान
इस कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। विधानसभा चुनाव से पहले इसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने सीधे केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ED अब जांच एजेंसी कम और राजनीतिक हथियार ज्यादा बन चुकी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को डराने और कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। मान ने कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए ED और दूसरी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। AAP नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।
पहले भी पड़ चुकी है ED की रेड
यह पहला मौका नहीं है जब संजीव अरोड़ा ED की जांच के घेरे में आए हों। करीब 20 दिन पहले भी लुधियाना और जालंधर स्थित उनके और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। उस समय जांच एजेंसी ने अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से संबंध होने का शक जताया था। साथ ही आरोप लगाया गया था कि कंपनियों के जरिए बेहिसाब रकम को वैध निवेश में बदला जा रहा है। ED अब यह भी जांच कर रही है कि क्या UAE से आने वाले फंड को फर्जी निर्यात और शेल कंपनियों के जरिए भारत में वैध दिखाया गया। एजेंसी पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेयरिंग और हवाला कनेक्शन की पड़ताल में जुटी है। फिलहाल मंत्री की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और आने वाले दिनों में यह मामला और ज्यादा गरमा सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










