गुजरात में मासूम की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर: रेलवे ट्रैक पर मिली थी बच्ची की बॉडी, दो जवान घायल

आनंद जिले के वासद में साढ़े चार वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें दो जवान घायल हो गए। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हुआ और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
मामले की शुरुआत उस समय हुई, जब सोमवार सुबह वासद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के सामने रेलवे ट्रैक पर साढ़े चार वर्षीय बच्ची का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटनास्थल से बच्ची का लहंगा भी बरामद हुआ। इसके बाद आशंका जताई गई कि हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गया है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और एफएसएल की टीमों ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान बोचासन उपक्षेत्र निवासी सुरेश परमार के रूप में हुई। इसके बाद बोरसद ग्रामीण पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) के हवाले कर दिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस टीम पर हमला
पुलिस के अनुसार, एलसीबी की टीम आरोपी को लेकर आनंद जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने उल्टी आने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। वाहन रुकते ही उसने अपने पास मौजूद चप्पू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में महिपाल सिंह और राजवीर सिंह नामक दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
आत्मरक्षा में हुई फायरिंग
पुलिस का कहना है कि आरोपी को कई बार आत्मसमर्पण करने और हमला रोकने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने हमला जारी रखा। इसके बाद पीएसआई राणा ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल करमसद स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी कार्रवाई आत्मरक्षा की परिस्थितियों में हुई और मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









