अहमदाबाद में 166 बांग्लादेशी अरेस्ट: 300 से अधिक संदिग्ध हिरासत में, पहचान बदलकर रह रहे थे अवैध नागरिक

03 जून 2026
300 से अधिक संदिग्ध हिरासत में, पहचान बदलकर रह रहे थे अवैध नागरिक

अहमदाबाद में अवैध घुसपैठ और फर्जी पहचान के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 300 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में इनमें से 166 लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। जबकि अन्य संदिग्धों के दस्तावेजों और पहचान संबंधी अभिलेखों की जांच की जा रही है। पुलिस का यह अभियान दो जून की रात शहर के चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में चलाया गया। जहां बड़ी संख्या में टीमें एक साथ उतारी गईं। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को पूछताछ और सत्यापन प्रक्रिया के लिए क्राइम ब्रांच परिसर में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में पूरे शहर में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान जारी रहेगा।

क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार, चंडोला क्षेत्र में लगातार कार्रवाई हो रही है। अवैध रूप से रह रहे कई लोग अब अपनी पहचान बदलकर शहर के विभिन्न हिस्सों में फैल गए हैं। ये लोग किराए के मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, श्रमिक आवासों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रहकर स्थानीय पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने एक साथ कई इलाकों में सघन सत्यापन अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए यह अभियान लंबे समय तक जारी रहेगा।

हवाला और मोबाइल एप के जरिए भेजे जा रहे थे पैसे

पूछताछ के दौरान कई हिरासत में लिए गए लोगों ने खुलासा किया है। वे अहमदाबाद में कमाए गए धन को बांग्लादेश में रहने वाले अपने परिजनों तक पहुंचाने के लिए दलालों और अनौपचारिक नेटवर्क का उपयोग करते थे। जानकारी के अनुसार पहले रकम कोलकाता भेजी जाती थी। वहां से उसे बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग मोबाइल एप्लीकेशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी सीमा पार धनराशि भेज रहे थे। इसके बाद साइबर क्राइम इकाइयों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अब उन दलालों और नेटवर्क संचालकों की तलाश कर रही है। जो इस अवैध लेन-देन में शामिल हो सकते हैं।

स्पा सेंटर में मचा हड़कंप

कार्रवाई के दौरान ओधव क्षेत्र स्थित क्रिस्टल कॉम्प्लेक्स के कुछ स्पा सेंटरों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ स्पा सेंटरों में बांग्लादेशी युवतियां कार्यरत हैं। पुलिस टीमों के पहुंचने से पहले ही एक स्पा सेंटर का प्रबंधक फरार हो गया। परिसर को बाहर से बंद कर दिया। इसी बीच अंदर मौजूद कुछ युवतियां खिड़कियों के रास्ते नीचे उतरकर भाग निकलीं। जांच में यह भी सामने आया कि उन्हें भगाने में कुछ स्थानीय लोगों ने मदद की थी। हालांकि पुलिस ने कुछ युवतियों को हिरासत में ले लिया है। फरार लोगों के साथ-साथ उनकी सहायता करने वालों की भी तलाश शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।