जैश मॉड्यूल पर ATS की बड़ी कार्रवाई: हिरासत में पांच और संदिग्ध, कोर्ट ने मंजूर की पुलिस रिमांड

10 घंटे पहले
हिरासत में पांच और संदिग्ध, कोर्ट ने मंजूर की पुलिस रिमांड

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पांच और संदिग्धों को अरेस्ट किया है। सभी आरोपियों को पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका स्थित खाडियाल गांव से पकड़ा गया। एटीएस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां तीन जुलाई को पकड़े गए आठ संदिग्धों से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर की गई हैं। अदालत ने सभी आरोपियों को 24 जुलाई तक एटीएस रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई है। सभी को मेहसाणा जिले के कढ़ी कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट आर.एम. भाटिया की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 24 जुलाई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया।

बम बनाने के प्रयास और साहित्य की जांच

सरकारी वकील पी.आर. दंतनी ने अदालत को बताया कि आरोपियों में से एक ने टाइम बम बनाने की कोशिश की थी, हालांकि उसका प्रयास सफल नहीं हो सका। एटीएस अब बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उर्दू भाषा में लिखे जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े साहित्य की बरामदगी में जुटी है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि विस्फोटक सामग्री कहां से जुटाई गई, उसे कहां छिपाया गया और संबंधित साहित्य किस माध्यम से आरोपियों तक पहुंचा।

पहले गिरफ्तार संदिग्धों से जुड़े हैं तार

इससे पहले तीन जुलाई को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। डीआईजी सुनील जोशी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया था कि सभी संदिग्ध सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित 'अब्दुल्ला साहब' नाम के एक हैंडलर के संपर्क में थे। आरोप है कि उसके निर्देश पर गुजरात में संगठन का नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि एक व्यक्ति के माध्यम से उन्हें तीन लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई थी। एटीएस के अनुसार, संदिग्ध पाटन के एक मदरसे में रह रहे थे, जहां से साहित्य और कुछ पर्चे भी बरामद किए गए थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।