मई में कब-कब बंद रहेंगे बैंक?: छुट्टियों की पूरी लिस्ट, आरबीआई तय करता है बैंक की छुट्टियां

आज महीने की आखिरी तारीख है। ऐसे में नए महीने की प्लानिंग शुरू हो चुकी है। अगर आप मई में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। अक्सर लोग बिना जानकारी के बैंक पहुंच जाते हैं और वहां जाकर पता चलता है कि छुट्टी है। इससे समय भी खराब होता है और काम भी अटक जाता है। इसलिए पहले से यह जान लेना जरूरी है कि मई महीने में बैंक किन-किन तारीखों पर बंद रहेंगे। देश में बैंक छुट्टियां अलग-अलग कारणों से तय होती हैं। इसमें त्योहार, जयंती, राज्य दिवस और साप्ताहिक अवकाश शामिल होते हैं।
देश में बैंकों की छुट्टियां आरबीआई द्वारा तय की जाती हैं। हर महीने की शुरुआत में छुट्टियों की लिस्ट जारी होती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी राज्यों में एक जैसी छुट्टियां नहीं होती हैं। कुछ छुट्टियां स्थानीय होती हैं जो केवल खास शहर या राज्य में लागू होती हैं। इसलिए अपने शहर की छुट्टियों की जानकारी रखना बेहद जरूरी है। इससे आप अपने काम को बेहतर तरीके से प्लान कर सकते हैं और किसी तरह की परेशानी से बच सकते हैं।
मई की शुरुआत में ही छुट्टी
मई महीने की शुरुआत ही छुट्टी से हो रही है। एक मई को बुद्ध पूर्णिमा और मई दिवस के मौके पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। अगर आपका इन राज्यों में कोई काम है, तो इस दिन बैंक जाने से बचें। ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं हालांकि चालू रहेंगी, लेकिन ब्रांच से जुड़े काम नहीं हो पाएंगे।
राज्य और क्षेत्रीय छुट्टियां भी रहेंगी लागू
मई में कुछ छुट्टियां खास राज्यों तक सीमित हैं। नौ मई को रवीन्द्र नाथ टैगोर जयंती के अवसर पर केवल पश्चिम बंगाल में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 16 मई को सिक्किम के गंगटोक में राज्य दिवस के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 26 मई को काजी मजरुल इस्लाम जयंती के मौके पर अगरतला में बैंक बंद रहेंगे। इन छुट्टियों का असर सीमित क्षेत्रों में रहेगा, लेकिन वहां रहने वाले लोगों को पहले से तैयारी करनी चाहिए।
बकरीद पर देशभर में असर
मई महीने के अंत में बड़ी छुट्टियां देखने को मिलेंगी। 27 मई को बकरीद के मौके पर देश के कई बड़े शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इसमें अहमदाबाद, लखनऊ, दिल्ली, भोपाल, कोलकाता, हैदराबाद और श्रीनगर जैसे शहर शामिल हैं। इसके अगले दिन 28 मई को भी कई शहरों में बैंकों की छुट्टी रहेगी। इसमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर और पटना जैसे शहर शामिल हैं। इस दौरान लगातार दो दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, इसलिए अपने काम पहले निपटा लेना बेहतर रहेगा।
छुट्टियों में कैसे करें काम मैनेज
अगर आपके पास बैंक से जुड़ा जरूरी काम है, तो छुट्टियों की लिस्ट देखकर ही प्लान बनाएं। कोशिश करें कि जरूरी ट्रांजैक्शन या ब्रांच विजिट छुट्टियों से पहले पूरी कर लें। डिजिटल बैंकिंग आज के समय में काफी मजबूत हो चुकी है। आप नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और एटीएम के जरिए कई काम आसानी से कर सकते हैं। हालांकि कैश डिपॉजिट, चेक क्लियरेंस या केवाईसी जैसे कामों के लिए आपको बैंक ब्रांच ही जाना होगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










