झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा का बंद: सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, लाठीचार्ज से रणक्षेत्र बनी सड़क

रांची में जेपीएससी-जेएसएससी में कथित धांधली के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है। आंदोलन के 18वें दिन मंगलवार को भाजपा ने सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद का आह्वान किया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही प्रदर्शन कर रहे हैं। हरमू चौक पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया। वहीं, कुछ समर्थक जेसीबी पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। चाईबासा में दुकानों को जबरन बंद कराने की सूचना है। अन्य जिलों में भी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

छात्र आंदोलन के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी विधानसभा मार्च का ऐलान किया है। संगठन के छात्र विधानसभा का घेराव करने के लिए मार्च निकालेंगे। इससे राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा परिसर की ओर बढ़े थे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए विधानसभा के गेट तक पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।

वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज

विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद छात्र पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें 100 से अधिक छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। देर शाम प्रदर्शनकारी विधानसभा गेट के पास पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जन्मदिन मनाते हुए केक काटा। इसके बाद छात्रों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी केक साझा किया। कुछ प्रदर्शनकारी शाम को लौट गए। वहीं, कुछ मौके पर ही डटे रहे। रात में दोबारा माहौल बिगड़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आरोप है कि इस दौरान छात्राओं पर भी लाठियां बरसाई गईं।

करीब 130 लोग घायल

विधानसभा घेराव के दौरान हुए हंगामे में करीब 130 लोगों के घायल होने की खबर है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधियों के मुताबिक, मंच से जुड़े करीब 80 छात्र-छात्राओं को चोट आई है। न्याय मंच के 20 से अधिक छात्रों के घायल होने की जानकारी है। कई छात्रों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। सदर अस्पताल में 10 गंभीर रूप से घायल छात्र पहुंचे, जिनमें से तीन को भर्ती कराया गया है। हंगामे में रांची पुलिस के करीब 14 जवान भी घायल हुए हैं। पुलिसकर्मी अंजनी यादव को गंभीर हालत में धुर्वा स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, 12 अन्य पुलिसकर्मियों को देर रात सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

राहुल गांधी ने की तत्काल समाधान करने की अपील

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और बातचीत के जरिए ही समाधान निकाला जाना चाहिए। राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।