गुजरात में ड्रग्स के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन: कंटेनर जहाज से 1150 करोड़ की कोकीन बरामद, समुद्र में फेंके गए थे पांच बैग

गुजरात के मुंद्रा तट पर समुद्री रास्ते से हो रही इंटरनेशनल ड्रग तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1150 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की है। इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड के संयुक्त ऑपरेशन में एक कंटेनर जहाज से 115 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार यह ऑपरेशन 25 और 26 मई की दरमियानी रात को चलाया गया। गुजरात एटीएस को समुद्री मार्ग से बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी की खुफिया सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर इंडियन कोस्ट गार्ड और एटीएस की संयुक्त टीम ने मुंद्रा एंकरेज क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान शुरू किया था।
संदिग्ध गतिविधि के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर एक कंटेनर जहाज लंगर डाले खड़ा था। इस जहाज की पहचान ‘एमवी यूरोप’ के रूप में हुई। रात के अंधेरे में जहाज पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिसके बाद कोस्ट गार्ड की इंटरसेप्टर बोट्स तेजी से मौके पर पहुंच गई। उस समय एटीएस के अधिकारी भी बोट पर मौजूद थे। संयुक्त टीम ने देखा कि जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जा रहे हैं। इसके तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने समुद्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और कम विजिबिलिटी के बावजूद पांच बैग बरामद कर लिए है। जब बैगों की जांच की गई तो उनमें सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के 115 पैकेट मिले है। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम बताया गया है।
शुरुआती जांच में कोकीन होने की पुष्टि
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती परीक्षण में बरामद पदार्थ कोकीन पाया गया है। कुल 115 किलोग्राम प्रतिबंधित सामग्री की इंटरनेशनल मार्केट में अनुमानित कीमत करीब 1150 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह हाल के वर्षों में समुद्री मार्ग से पकड़ी गई सबसे बड़ी ड्रग खेपों में से एक मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ड्रग्स को समुद्र के रास्ते भारत लाकर देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की साजिश थी। हालांकि समय रहते संयुक्त कार्रवाई कर इस बड़े नेटवर्क को नुकसान पहुंचाया गया है।
जांच के लिए बंदरगाह लाया गया जहाज
कार्रवाई के बाद कंटेनर जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। इंडियन कोस्ट गार्ड, गुजरात एटीएस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जहाज के चालक दल, कंटेनर के दस्तावेज और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। एजेंसियों के मुताबिक पिछले पांच वर्षों में गुजरात एटीएस और इंडियन कोस्ट गार्ड द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाया गया यह 15वां सफल संयुक्त अभियान है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट हो रहा है कि समुद्री सीमाओं के जरिए ड्रग तस्करी की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी सतर्कता के साथ इन नेटवर्क पर नजर बनाए हुए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









