ब्रेकअप से बौखलाए युवक ने लड़की के घर फेंके केरोसिन बम: पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट, 31 से अधिक केस पहले से दर्ज

तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने अपनी पूर्व मित्र के घर पर केरोसिन बम फेंक दिया। हमले के बाद घर के बरामदे में आग लग गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है, जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कार्तिक उर्फ मारियप्पन को अरेस्ट कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत 31 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्तिक की युवती से दोस्ती थी, लेकिन जब लड़की को उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली तो उसने उससे दूरी बना ली। इसी बात से आरोपी बुरी तरह नाराज हो गया और लगातार युवती को धमकाने लगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। रविवार शाम कार्तिक अपने तीन साथियों के साथ बाइक पर युवती के घर पहुंचा और चलते वाहन से ही दो केरोसिन बम घर की ओर फेंक दिए। बम बरामदे में गिरते ही आग भड़क उठी और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
पड़ोसियों की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान
घटना के समय युवती के पिता घर के बाहर मौजूद थे। उन्होंने आरोपी को हमला करते हुए पहचान लिया और तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सबसे पहले बरामदे में खड़ी गाड़ियों को बाहर निकाला। इसके बाद घर की अंडरग्राउंड टंकी से पानी निकालकर आग बुझाई गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग घर के अंदर नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी कार्तिक को अरेस्ट कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि उसके साथ मौजूद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हमले में इस्तेमाल किए गए केरोसिन बम किसने तैयार किए और क्या घटना पूर्व नियोजित थी। मामले ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा और अपराधी मानसिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











