ओडिशा में मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई: 20 हजार रुपए निकालने की जिद, पुलिस ने दिया आश्वासन

28 अप्रैल 2026
20 हजार रुपए निकालने की जिद, पुलिस ने दिया आश्वासन

ओडिशा के क्योंझर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदिवासी युवक अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया। यह घटना सोमवार की है। बैंक परिसर में जैसे ही कंकाल देखा गया, अफरा-तफरी मच गई। लोग डर गए। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बाद में सामने आया कि युवक अपनी बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए ऐसा कदम उठाने को मजबूर हुआ था।

जानकारी के अनुसार, जीतू मुंडा अपनी बहन कालरा मुंडा के बैंक खाते से 20 हजार रुपए निकालना चाहता था। इसके लिए वह कई बार बैंक गया। हर बार बैंक कर्मचारियों ने उससे कहा कि खाता धारक को लेकर आओ। जीतू पहले ही बता चुका था कि उसकी बहन की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद उसे सही प्रक्रिया नहीं समझाई गई। न ही कोई स्पष्ट समाधान दिया गया। इससे वह परेशान हो गया। आखिरकार उसने एक ऐसा कदम उठाया। जिसने सबको चौंका दिया।

कब्र से कंकाल निकालकर बैंक पहुंचा

हताश होकर जीतू अपनी बहन की कब्र पर गया। वहां से उसका कंकाल निकाल लिया। फिर उसे कंधे पर रखकर करीब तीन किलोमीटर पैदल चला। वह सीधे मल्लिपसी स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक की शाखा पहुंच गया। बैंक के बरामदे में उसने कंकाल रख दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए। कुछ लोग डरकर दूर भाग गए। माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने समझाया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला। जांच में पता चला कि जीतू मुंडा पढ़ा-लिखा नहीं है। वह कानूनी प्रक्रिया से पूरी तरह अनजान है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसे नॉमिनी और वारिस से जुड़े नियमों की जानकारी नहीं थी। बैंक कर्मचारी भी उसे ठीक से प्रक्रिया नहीं समझा पाए। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।

आर्थिक मजबूरी बनी वजह

जीतू मुंडा की बहन कालरा मुंडा की मौत 26 जनवरी 2026 को हो गई थी। उसके बैंक खाते में कुछ पैसे जमा थे। लेकिन खाते में दर्ज नॉमिनी यानी पति और बेटे की भी पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में जीतू ही उसका एकमात्र दावेदार बचा था। वह आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके लिए यह 20 हजार रुपए बहुत मायने रखते थे। यही उसकी जिंदगी का सहारा बन सकते थे। इसी मजबूरी ने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा

पुलिस और प्रशासन ने जीतू को पूरी प्रक्रिया समझाई। उसे भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही उसके पैसे निकलवाने में मदद की जाएगी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।