महाराष्ट्र में खड़ी कार से टकराया ट्रक: टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

17 घंटे पहले
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

वर्धा जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। विरुल गांव के पास सड़क पर खड़ी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार सवार चार और ट्रक में मौजूद दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। उस समय एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात संचालित हो रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़ी कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में कार में सवार चार लोगों और ट्रक के चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई।

राहत-बचाव के साथ ट्रैफिक बहाल करने की कवायद

घटना की सूचना मिलते ही वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड, हाईवे सेफ्टी पेट्रोल और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने सावधानी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाया और प्रभावित हिस्से से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। इस दौरान मुंबई-नागपुर कैरिजवे पर वाहनों को दूसरी लेन से निकाला गया, जिससे कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा।

वाहन चालकों को जारी की गई सलाह

हादसे के बाद पुलिस ने नागपुर से मुंबई की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अगले कुछ घंटों तक वर्धा के समृद्धि एक्सप्रेसवे मार्ग से बचने की सलाह दी। वैकल्पिक मार्ग के रूप में नागपुर-अमरावती हाईवे का उपयोग करने और अमरावती गेट इंटरचेंज से दोबारा एक्सप्रेसवे पर लौटने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर निगरानी और सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की प्रक्रिया भी जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।